पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में चुर्क रामलीला मैदान से पुलिस लाइन तक निकला जुलूस, एसपी को सौंपा ज्ञापन, लगाई गुहार
•~ चालकों ने उठाया दोहरे किराए और भेदभाव का मुद्दा, बोले- ई-रिक्शा ही परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा
समाज जागरण/ तहसील संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाए जाने से नाराज चालकों का आक्रोश गुरुवार को सड़कों पर दिखाई दिया। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों ई-रिक्शा चालक चुर्क रामलीला मैदान से जुलूस निकालते हुए पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूर्व की भांति धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति देने की जोरदार मांग उठाई। चालकों ने अपनी पीड़ा बयां करते हुए कहा कि ई-रिक्शा उनके परिवार की रोजी-रोटी का प्रमुख साधन है।
अधिकांश चालकों ने बैंक से कर्ज लेकर ई-रिक्शा खरीदा है। प्रतिदिन की कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण करने के साथ बैंक की किस्तें भी जमा करते हैं। ऐसे में संचालन का दायरा सीमित किए जाने से उनके सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है।
*रोजगार पर चोट के साथ आम जनता की जेब पर भी पड़ रही दोहरी मार*
पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि ई-रिक्शा को रॉबर्ट्सगंज से आगे जाने से रोके जाने के कारण चालकों की आजीविका प्रभावित हो रही है। इसका खामियाजा आम जनता को भी भुगतना पड़ रहा है। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वाहन बदलना पड़ता है, जिससे उन्हें दोहरा किराया देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को चालकों की आर्थिक स्थिति और आम नागरिकों की आवागमन संबंधी परेशानियों को गंभीरता से समझना चाहिए।
चालकों ने बताया कि पहले ई-रिक्शा धर्मशाला चौराहे तक सवारियां लेकर जाते थे, जिससे मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम यात्रियों को काफी सहूलियत मिलती थी। लेकिन अब रास्ते में रोक दिए जाने से यात्रियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
*एक ही मार्ग पर अलग-अलग नियम क्यों ?*
पूर्व चेयरमैन चुर्क सईद कुरैशी ने सवाल उठाते हुए कहा कि संबंधित मार्ग पर बड़े वाहन और निजी बसें भी संचालित होती हैं। सड़क किनारे बसें खड़ी कर सवारियां बैठाए जाने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का असर मुख्य रूप से ई-रिक्शा चालकों पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने इसे चालकों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार बताते हुए प्रशासन से समान नियम लागू करने की मांग की।ज्ञापन के माध्यम से ई-रिक्शा चालकों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि उनकी आजीविका और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व की भांति धर्मशाला चौराहे तक संचालन की अनुमति दी जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी प्रकार के वाहनों पर निष्पक्ष एवं समान नियम लागू किए जाएं।

अब देखना यह है कि प्रशासन ई-रिक्शा चालकों की इस समस्या पर क्या निर्णय लेता है। फिलहाल चालकों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



