महामहिम राज्यपाल असम, श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य जी का जनपद भ्रमण

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नीलांबर–पीतांबर स्मृति सम्मान समारोह में सम्मिलित

ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण

सोनभद्र। महामहिम माननीय राज्यपाल असम श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य जी ने जनपद सोनभद्र के शिव मंदिर, पटना (सिल्थम) में “जनजातीय गौरव दिवस” के उपलक्ष्य में आयोजित नीलांबर–पीतांबर खरवार स्मृति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। महामहिम ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे, शारदा खरवार, तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित किया। समारोह में अपने क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वाले एक दर्जन से अधिक जनजातीय समाज के लोगों को सम्मानित किया गया। इससे पूर्व महामहिम राज्यपाल जी ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी हरिवंश धांगर एवं विषुण धांगर स्मृति द्वार का लोकार्पण किया तथा रामगढ़ बाजार स्थित कालिदास शिक्षण संस्थान परिसर तक नव निर्मित इंटरलॉकिंग मार्ग का उद्घाटन किया। राज्यपाल जी के स्वागत हेतु सर्किट हाउस, सोनभद्र में राज्य मंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव कुमार गौड़, विधायक सदर भूपेश चौबे, जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा कार्यक्रम स्थल एवं यात्रा मार्ग का पूर्व निरीक्षण किया गया। क्षेत्राधिकारीगण, पुलिस बल एवं यातायात पुलिस द्वारा सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक–चौबंद रखा गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा पुलिस बल को सतर्कता एवं जनसहयोग के साथ ड्यूटी निर्वहन के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के उपरांत महामहिम द्वारा शिव मंदिर परिसर में पौधरोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जनजातीय कलाकारों ने अपनी परंपरागत लोक नृत्य व गीतों से जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम शांति, सौहार्द एवं अनुशासनपूर्ण माहौल में संपन्न कराया गया।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)