सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने एवं लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
26 मई।
जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ कार्य संस्कृति से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदनों एवं लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कर्मियों की सेवा पुस्तिका के संधारण, संचिकाओं के निर्गमन एवं प्रस्तुतीकरण, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के अनुपालन, नीलाम पत्रवाद, न्यायालय वाद, आपदा राहत, एसी एवं डीसी विपत्र, लोक शिकायत, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सूचना का अधिकार, लोकायुक्त, मानवाधिकार आयोग, सीपी ग्राम, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, मुख्यमंत्री जनता दरबार, सेवांत लाभ तथा अंतर-विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र समेत अन्य लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में वर्ष 2007-08 से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सर्वाधिक लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। डीसीएलआर स्तर पर वर्ष 1999-2000 से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त 20 वर्ष से अधिक पुराने मामलों को संबंधित स्तर से अग्रसारित कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने अंचल पदाधिकारी स्तर पर लंबित मामलों की प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर लंबित आवेदनों की सूची तैयार कर अगली बैठक में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
बैठक में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अतिक्रमित सरकारी भूमि पर अवैध रूप से लिए गए विद्युत कनेक्शनों को विच्छेदित कराने हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, वरीय उपसमाहर्ता सुनीता कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



