पैसेंजर पांच घंटे और एक्सप्रेस पौने तीन घंटे लेट
लखीमपुर, संवाददाता।
लखनऊ–पीलीभीत रेल प्रखंड पर घने कोहरे और सर्द हवाओं के चलते ट्रेनों की रफ्तार थम सी गई है। लगातार लेट हो रही ट्रेनों के कारण यात्रियों को कड़ाके की ठंड में घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है। लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के ठहरने और राहत के समुचित इंतजाम न होने से परेशानी और बढ़ गई है।

रेल प्रखंड पर संचालित एकमात्र एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से पौने तीन घंटे देरी से चल रही है, जबकि पैसेंजर ट्रेनें पांच घंटे तक लेट पहुंच रही हैं। कोहरे के साथ चल रही बर्फीली हवा में यात्री कंपकंपाते हुए ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर हैं।
गुरुवार को गोरखपुर से चलकर इज्जतनगर जाने वाली गोमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 8:45 बजे के स्थान पर करीब तीन घंटे की देरी से 11:17 बजे लखीमपुर स्टेशन पहुंची। सुबह-सुबह सफर के लिए घर से निकले यात्रियों को स्टेशन पर घंटों ठंड में समय बिताना पड़ा।
वहीं लखनऊ से चलकर पीलीभीत जाने वाली पैसेंजर ट्रेन (55086) अपने तय समय 10:37 बजे के बजाय दोपहर 3:55 बजे लखीमपुर पहुंची। पूरे दिन आसमान में हल्की धूप तक नहीं निकली, जिससे यात्रियों को सर्द हवाओं के बीच ही ट्रेनों के इंतजार में घंटों गुजरने पड़े।
इसके अलावा लखनऊ–मैलानी, मैलानी–सीतापुर और सीतापुर–मैलानी रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनें भी देरी से संचालित होती रहीं। ट्रेनें लेट होने से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



