सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद के पत्र पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने संबंधित विभाग को जांच कर कार्रवाई का दिया निर्देश
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
ठाकुरगंज और बहादुरगंज को नया अनुमंडल बनाने की मांग पर बिहार सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय के उप सचिव अभिषेक श्रीवास्तव ने अपर मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग को पत्र भेजकर सांसद के ई-मेल से प्राप्त पत्र एवं संबंधित प्रस्ताव पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है। पत्र में सांसद के 28 सितंबर 2026 के पत्र संख्या 998/KNE/2026 का उल्लेख करते हुए मामले की छानबीन कर समुचित निर्णय लेने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय ने संबंधित विभाग को की गई कार्रवाई की जानकारी सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद को देने के साथ ही मुख्यमंत्री सचिवालय को भी अवगत कराने को कहा है। सरकार के इस निर्देश के बाद दोनों प्रखंडों को अनुमंडल का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है।
सांसद डॉ. जावेद आजाद ने कहा कि ठाकुरगंज और बहादुरगंज को अनुमंडल का दर्जा मिलने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए किशनगंज मुख्यालय की लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे राजस्व, भूमि, विधि-व्यवस्था समेत विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में लोगों को सुविधा मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था भी मजबूत होगी।
सांसद ने कहा कि किशनगंज जिले के विकास और लोगों की प्रशासनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे लगातार राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं एवं मांगों को उठाते रहे हैं। ठाकुरगंज और बहादुरगंज को अनुमंडल बनाने की मांग भी इसी प्रयास का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा मामले में संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिए जाने का सांसद ने स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



