दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़ : वर्तमान फसलीय वर्ष में जिले के अंतर्गत अफीम की अवैध खेती की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस द्वारा प्री कल्टीवेशन ड्राइव चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अफीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस द्वारा पिछले फसलीय वर्ष में जिन क्षेत्रों में अफीम की अवैध खेती की गई थी, वहां सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि कई किसानों ने अफीम की खेती छोड़कर वैकल्पिक फसलों की बुवाई के लिए अपने खेतों की जुताई कर ली है।
किसानों को वैकल्पिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने हेतु दिनांक 18 दिसंबर 2025 को ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो के नेतृत्व में ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतु पंचायत के कुटाम ग्राम में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान उच्च गुणवत्ता वाले चना, सरसों एवं गेहूं के लगभग 250 किलोग्राम बीज का वितरण किया गया।
बीज वितरण कार्यक्रम से 40 से 50 किसान परिवार लाभान्वित हुए। पुलिस प्रशासन ने किसानों से अपील की कि वे अफीम की अवैध खेती से दूर रहते हुए पारंपरिक सब्जियों एवं अनाजों की खेती को अपनाएं और वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा दें।
सरायकेला-खरसावां पुलिस का यह अभियान जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



