समाज जागरण
गोड्डा
मेहरमा गोड्डा जिलापुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर बुधवार को मेहरमा थाना क्षेत्र के अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित गोविंदपुर चेकनाका के समीप सघन वाहन जांच सह जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान करीब पांच दर्जन वाहनों की जांच की गई। जांच के क्रम में विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित मामलों में तकरीबन 20 वाहनों को जुर्माना के लिए चिह्नित किया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। बाइक चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात नहीं करने,नाबालिक को बाइक चलाने नही देने की सलाह दी गई।
साथ ही चारपहिया वाहन चालकों को भी आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन अनमोल है। घर से निकलने के बाद स्वजन उसके सुरक्षित वापस लौटने का इंतजार करते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही पूरे परिवार के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं। यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार, रंजन वीरेंद्र मंडल सहित पुलिस बल के जवान उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.