कोल्हान में संगठन मजबूत करने की तैयारी में जुटी जदयू, जनसरोकारों के मुद्दों पर आंदोलन का ऐलान

दैनिक समाज जागरण 26.05.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर जनता दल यूनाइटेड पूर्वी सिंहभूम महानगर इकाई द्वारा मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर सभागार में “कोल्हान प्रमंडलीय बैठक” का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीति, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा कोल्हान क्षेत्र में पार्टी की स्थिति को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।


बैठक में जदयू प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद खीरू महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, प्रदेश महासचिव सह भारत सरकार दूरसंचार सलाहकार समिति सदस्य श्रवण कुमार, प्रदेश महासचिव सुशील सिंह, कौशल कुमार, अंजलि सिंह, संजय ठाकुर तथा प्रदेश युवा अध्यक्ष निर्मल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।


बैठक की अध्यक्षता जदयू पूर्वी सिंहभूम महानगर जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने की। इस दौरान महिला मोर्चा सहित संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभा में कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए नेताओं ने इसे कोल्हान में पार्टी के विस्तार के लिए सकारात्मक संकेत बताया।


बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड हमेशा आम लोगों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है। नेताओं ने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेयजल और सड़क जैसी बुनियादी समस्याएं आज भी गंभीर बनी हुई हैं और इन मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए पार्टी चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि जदयू केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और विचारों को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर ही पार्टी मजबूत होगी।
विधायक सरयू राय ने कहा कि जदयू जनसरोकारों से जुड़े हर मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ हासिल करना नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच लगातार सक्रिय रहने और जनता की समस्याओं को संगठन तक पहुंचाने की अपील की।


बैठक के दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने, पंचायत एवं बूथ स्तर पर समितियों के गठन तथा कोल्हान क्षेत्र में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न जनमुद्दों को लेकर क्षेत्रभर में जनसंपर्क अभियान और आंदोलन चलाए जाएंगे।


कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ। नेताओं ने विश्वास जताया कि कोल्हान क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण साबित होगी और संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)