समाज जागरण हजारीबाग ।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव विनोद कुशवाहा ने इस प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सुधार के नाम पर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। विनोद कुशवाहा ने कहा कि बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम बिना कारण सूची से हटाए जा रहे हैं या उन्हें गलत तरीके से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा है, जो बहुत चिंताजनक है। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में चुनाव आयोग काम कर रहा है और इससे लोकतंत्र की जड़ें कमजोर हो रही हैं। पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। अब कांग्रेस उनके अधिकारों की रक्षा करेगी। हम हर उस नागरिक के साथ खड़े रहेंगे जिसका नाम गलत तरीके से डिलीट किया जा रहा है या स्थानांतरित किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में सबसे अधिक प्रभावित गरीब, आदिवासी, अल्पसंख्यक, ओबीसी, दलित और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लोग हो रहे हैं। इन समुदायों के बड़ी संख्या में नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने इसे अत्यंत निंदनीय बताते हुए भारत सरकार से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। कुशवाहा ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या पक्षपात लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



