करीब 200 ट्रांसफार्मर जलने की आशंका, 50 फीट तक उठीं लपटें; महज 100 मीटर दूर है पेट्रोल पंप
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो | किशनगंज
किशनगंज। शहर के पश्चिमपाली स्थित इमली गोला के समीप ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप (टीआरडब्ल्यू) में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें करीब 50 फीट तक उठने लगीं और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग के बीच लगातार हो रहे धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। बताया जा रहा है कि अब तक 10 से अधिक धमाकों की आवाज सुनी गई है।
जानकारी के अनुसार, टीआरडब्ल्यू परिसर में ट्रांसफार्मर बनाने और उनकी मरम्मत का कार्य किया जाता था। परिसर में ट्रांसफार्मर में इस्तेमाल होने वाले तेल के सैकड़ों ड्रम और बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर रखे हुए थे। आग की भयावहता को देखते हुए करीब 200 ट्रांसफार्मर जलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बिजली विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल नुकसान के बारे में कुछ भी स्पष्ट बताने से इनकार किया है। उनका कहना है कि आग से हुई वास्तविक क्षति का आकलन पूरा होने के बाद ही जानकारी दी जा सकेगी।
पेट्रोल पंप और घनी आबादी के कारण बढ़ी चिंता
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप स्थित है। वहीं, करीब 50 हजार से अधिक आबादी वाले घनी बस्ती के पश्चिमपाली इलाके में आग की खबर फैलते ही लोगों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जुटने लगे।
सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की पहली गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। शुरुआत में छोटी दमकल गाड़ी से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए बड़ी गाड़ी और अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया।
प्रशासन ने खाली कराया घटनास्थल के आसपास का इलाका
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को हटाया। राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न आए, इसके लिए संबंधित मार्ग पर यातायात भी रोक दिया गया। मौके पर किशनगंज के अंचलाधिकारी राहुल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्मवीर कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे रहे।
पक्षी की मौत से शॉर्ट सर्किट, सूखी घास से फैली आग
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता विशाल चौधरी ने बताया कि तारों में एक पक्षी की मौत होने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ था। इसके बाद निकली चिंगारी नीचे सूखी घास पर गिरी, जिससे आग लग गई। सूखी घास में लगी आग धीरे-धीरे ट्रांसफार्मर तक पहुंच गई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। विभागीय आकलन के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरण आग की चपेट में आए हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



