छठ पर्व नजदीक, सरकारी बांध घाट की बदहाल स्थिति से श्रद्धालुओं में नाराजगी
सोनभद्र। विकासखंड बभनी की ग्राम पंचायत बभनी स्थित सरकारी बांध के छठ घाट पर इस वर्ष अब तक साफ-सफाई का कार्य शुरू नहीं कराया गया है। छठ महापर्व नजदीक होने के बावजूद घाट पर फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ने लगी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि समय रहते सफाई नहीं हुई तो व्रती गंदगी के बीच भगवान सूर्य को अर्घ्य कैसे देंगे?
बुधवार को युवा समिति बभनी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान घाट पर गंदगी और साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं होने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। समिति के सदस्यों का कहना है कि छठ पर्व में अब कुछ ही समय शेष है, लेकिन शासन-प्रशासन और ग्राम पंचायत की ओर से अभी तक घाट की सफाई को लेकर कोई पहल दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सरकारी बांध पर प्रत्येक वर्ष छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं व्रत रखती हैं और हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद घाट की सफाई, कचरा हटाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम समय से नहीं किए जा रहे हैं। इससे व्रतियों और पूजा समितियों में नाराजगी है।
जिला प्रशासन से तत्काल सफाई कराने की मांग
युवा समिति ने जिला प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि छठ पूजा से पहले सरकारी बांध स्थित घाट की तत्काल साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान युवा समिति के अध्यक्ष मिथलेश चंद गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जेपी जायसवाल, वरुण, रविशंकर, अमित, सुरेंद्र, अजित शंकर, आशीष, चंदन, मुलायम, संजय जायसवाल, अखिलेश सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



