दुर्गा पूजा, वेद प्रवचन और श्रीरामलीला से गूंज उठा वातावरण
नोएडा, 22 सितंबर। महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ, महर्षि नगर (नोएडा) में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य शुरुआत हो गई है। विद्यापीठ के मीडिया प्रभारी ए.के. लाल ने बताया कि यह आयोजन 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा।

सुबह 9:00 बजे से दुर्गा पूजन एवं पाठ, शाम 7:00 बजे वेद पाठ, भजन और प्रवचन तथा आरती का आयोजन किया जा रहा है। रात्रि 8:00 बजे से श्रीरामलीला का मंचन महर्षि रामलीला समिति द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 2 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन, तथा 3 अक्टूबर को भारत मिलाप और राज्याभिषेक का मंचन होगा।
मूर्तियों की स्थापना व प्राण-प्रतिष्ठा
मंदिर परिसर में मां दुर्गा, भगवान गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती, कार्तिकेय तथा श्रीराम एवं लक्ष्मण की मूर्तियों की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। यह अनुष्ठान महर्षि संस्थान के अध्यक्ष श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव की उपस्थिति में वैदिक विद्वानों द्वारा पूर्ण विधि-विधान से किया गया।
वेद पाठ एवं यज्ञ अनुष्ठान
विद्यापीठ प्रभारी शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यज्ञ एवं वेद पाठ से वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है। महर्षि योगी के निर्देशन में विनायक पीठों, शक्तिपीठों और ज्योतिर्लिंगों की स्थापना कर देवी चेतना का जागरण किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि व विशिष्ट जनों की उपस्थिति
दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर जगतगुरु सतीश महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विनोद श्रीवास्तव, विनीत श्रीवास्तव, यादवेंद्र यादव, विनय श्रीवास्तव, दयाशंकर गुप्ता, एस.पी. गर्ग, श्रीकांत ओझा, शीशपाल सिंह यादव, कमलेश यादव, रजनीश यादव, नरेश श्रीवास्तव एवं राजेंद्र शुक्ला सहित अनेक गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
धार्मिक कार्यक्रमों से महर्षि नगर का संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया है।


Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



