google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मारकुंडी में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार युवक घायल

तीन की हालत गंभीर, एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजे गए; सात नंबर पहाड़ी कटिंग तिराहे के पास हुआ हादसा

समाज जागरण/तहसील संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता

सोनभद्र। गुरमा पुलिस चौकी क्षेत्र के मारकुंडी-चिरुई मुख्य मार्ग पर सात नंबर पहाड़ी कटिंग तिराहे के समीप रविवार सुबह दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और हादसे की सूचना पुलिस तथा एंबुलेंस को दी। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

दूध लेकर घर जा रहा था 16 वर्षीय युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब नौ बजे मकरीबारी निवासी सदानंद पाल का 16 वर्षीय पुत्र अरविंद पाल मोटरसाइकिल से मारकुंडी से दूध लेकर अपने घर मकरीबारी जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल, जिस पर तीन युवक सवार थे, से सात नंबर पहाड़ी कटिंग तिराहे के समीप उसकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायलों की मदद की गई।

चारों घायलों की हुई पहचान

घायलों की पहचान रविरंजन (16) पुत्र मनीलाल, सुक्खु (20) पुत्र रामप्रसाद बैगा, सोनू (15) पुत्र शंकर बैगा, तीनों निवासी मारकुंडी टोला तेलाई चकरिया, तथा अरविंद पाल (16) पुत्र सदानंद पाल निवासी मकरीबारी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि हादसे में तीन युवकों की हालत गंभीर है। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।

हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)