ग्रेटर नोएडा, 27 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में मेरठ की खेती और कृषि आधारित उद्यमिता देश-विदेश से आए खरीदारों और आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे ट्रेड शो में उद्यान विभाग के आउटलेट पर मेरठ के किसानों की पॉलीहाउस में तैयार सब्जियां, फूल और शहद के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। जरबेरा और गुलाब के फूलों के साथ कमल ककड़ी, पीली-हरी-लाल शिमला मिर्च और बैंगन जैसी फसलों ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।
खास बात यह है कि ट्रेड शो में किसानों को केवल अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर ही नहीं मिल रहा, बल्कि नए खरीदारों और कारोबारियों से सीधे संपर्क के साथ बाजार विस्तार के अवसर भी सामने आ रहे हैं।
पांच एकड़ में पॉलीहाउस खेती, 29 लाख रुपये से अधिक का कारोबार
मेरठ की सरधना तहसील के खेड़ा गांव निवासी किसान रविन्द्र कुमार पांच एकड़ क्षेत्र में पॉलीहाउस के माध्यम से फल और सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने संरक्षित खेती को अपनाया। आधुनिक तकनीक से खेती करने के चलते उनका कृषि कारोबार सालाना 29 लाख रुपये से अधिक पहुंच गया है।
उनके पॉलीहाउस में 300 से 400 ग्राम तक वजन वाली पीली, हरी और लाल शिमला मिर्च तैयार हो रही है। इन रंगीन शिमला मिर्च की दिल्ली की आजादपुर मंडी में मांग है।
ट्रेड शो से फूलों की मांग बढ़ी, कंपनियों ने किया संपर्क
रविन्द्र कुमार के मुताबिक वह पिछले वर्ष भी ट्रेड शो में शामिल हुए थे। प्रदर्शनी में अपने उत्पादों को खरीदारों और बाजार से जुड़े लोगों के सामने रखने से उन्हें नई पहचान मिली। इस बार भी कई इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों ने जरबेरा और गुलाब के फूलों की आपूर्ति के लिए उनसे संपर्क किया है।
कुछ कंपनियों की ओर से समझौता ज्ञापन यानी एमओयू करने को लेकर भी बातचीत की गई है। किसान का कहना है कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीक, संरक्षित खेती और बाजार आधारित उत्पादन अपनाने का अवसर मिल रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने भी उद्यान विभाग के आउटलेट का निरीक्षण किया और किसानों के उत्पादों को देखा। उन्होंने किसानों का उत्साहवर्धन भी किया। आउटलेट पर मेरठ की फसलों के अलावा कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं।
मेरठ के शहद की विदेशों में बढ़ी मांग
ट्रेड शो में मेरठ के रेनट्रॉव नैचुरल के शहद उत्पाद भी लोगों की रुचि का केंद्र बने हुए हैं। युवा उद्यमी राखी अघेरा और भारत अघेरा ने बताया कि पिछले वर्ष उनकी कंपनी को इंडोनेशिया, मलेशिया और वियतनाम से 46 टन शहद का ऑर्डर मिला था।
कंपनी को इस ट्रेड शो के माध्यम से भी नए कारोबारी संपर्क और बेहतर ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। इससे मेरठ के कृषि आधारित उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में संभावनाएं बढ़ती दिखाई दे रही हैं।
किसानों को बाजार से जोड़ रहा ट्रेड शो
आउटलेट की व्यवस्था में लगे वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक संजय सिंह ने कहा कि ट्रेड शो मेरठ के किसानों और कृषि उद्यमियों के लिए केवल उत्पादों के प्रदर्शन का मंच नहीं है, बल्कि सीधे खरीदारों और कारोबारी संस्थानों से संपर्क स्थापित करने का अवसर भी उपलब्ध करा रहा है।
पॉलीहाउस की रंगीन शिमला मिर्च और फूलों से लेकर शहद तक, मेरठ के कृषि उत्पाद ट्रेड शो में खेती को आधुनिक तकनीक, बाजार और कारोबार से जोड़ने की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



