google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

26 नवंबर को किशनगंज में हवाई हमले और ब्लैकआउट की होगी मॉक ड्रिल, तैयारियों की समीक्षा

इंटर बॉयज हाई स्कूल में सुबह 11 बजे होगा हवाई हमले का अभ्यास, शाम 6 बजे गांधी चौक और समाहरणालय परिसर में होगा ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
नागरिक सुरक्षा के तहत आगामी 26 नवंबर को किशनगंज में हवाई हमला एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी-सह-उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा अनिकेत कुमार की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मॉक ड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे इंटर बॉयज हाई स्कूल, किशनगंज में हवाई हमले से बचाव को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित होगी। इस दौरान हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में बच्चों एवं अन्य लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों का रेस्क्यू करने, प्राथमिक उपचार देने तथा गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा।


वहीं, इसी दिन शाम 6 बजे गांधी चौक एवं समाहरणालय परिसर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल होगी। इसके तहत आपातकालीन स्थिति में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था नियंत्रित करने तथा ब्लैकआउट के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता बरतने के प्रति जागरूक किया जाएगा।


समीक्षा बैठक में एसडीओ अनिकेत कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, अग्निशमन विभाग को अग्निशमन वाहन एवं जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया गया।


पुलिस एवं यातायात विभाग को विधि-व्यवस्था, मार्ग नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सायरन, स्ट्रेचर, बचाव उपकरण, संचार व्यवस्था एवं विद्युत व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। एसडीआरएफ एवं नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप बचाव एवं राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया। विद्यालय प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।


प्रशासन के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, जनसुरक्षा, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इसके माध्यम से आम नागरिकों एवं संबंधित कर्मियों को आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।


बैठक में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, विद्युत आपूर्ति विभाग के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, एसडीआरएफ टीम कमांडर, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव, इंटर बॉयज हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक एवं सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)