•~ चकबंदी लेखपाल की कथित लापरवाही से किसानों की धान बिक्री पर लगा ब्रेक!नहीं हो रहा ऑनलाइन सत्यापन
•~ एक सप्ताह से सत्यापन के लिए चकबंदी कार्यालय का परिक्रमा कर रहे अन्नदाता,बेमौसम बारिश की मार के बीच अब सत्यापन की बाधा ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें
समाज जागरण/ तहसील संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। सरकार एक ओर किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाने और धान खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर चकबंदी प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन खतौनी सत्यापन में कथित लापरवाही किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। सलखन न्याय पंचायत की 15 ग्राम सभाओं के किसानों की धान बिक्री पर सत्यापन में देरी के चलते संकट खड़ा हो गया है। हालात यह हैं कि किसान पिछले एक सप्ताह से चकबंदी कार्यालय का चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।सदर विकास खंड के सलखन न्याय पंचायत अंतर्गत मारकुंडी सहकारी समिति से जुड़े किसानों का कहना है कि धान बिक्री के लिए आवश्यक ऑनलाइन खतौनी, आईडी और पासवर्ड से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद चकबंदी लेखपाल द्वारा सत्यापन में अनावश्यक देरी की जा रही है। किसानों का आरोप है कि बार-बार कार्यालय पहुंचने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिल रही है। सत्यापन लंबित रहने के कारण उनकी धान बिक्री की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
धान तैयार, लेकिन बिक्री की राह में कागजी अड़ंगा!*
किसानों के सामने दोहरी मार की स्थिति पैदा हो गई है। एक तरफ खेतों और खलिहानों में धान की उपज बिक्री के इंतजार में रखी है, वहीं दूसरी ओर बेमौसम बारिश ने पहले ही किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में यदि समय रहते ऑनलाइन खतौनी का सत्यापन नहीं हुआ तो किसानों को अपनी उपज बेचने में और देरी का सामना करना पड़ सकता है। इससे आर्थिक नुकसान की आशंका भी गहराने लगी है।
एक सप्ताह से दौड़ रहे किसान, आखिर कब होगा समाधान?
किसानों का कहना है कि सरकारी खरीद केंद्रों पर धान बेचने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद केवल सत्यापन की प्रक्रिया लंबित होने से वे परेशान हैं। किसानों ने सवाल उठाया है कि जब शासन की ओर से धान खरीद की स्वीकृति मिल चुकी है, तो फिर सत्यापन में देरी के कारण अन्नदाताओं को क्यों परेशान होना पड़ रहा है? जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा आखिर किसान कब तक भुगतेंगे?इस संबंध में सहकारी समिति अध्यक्ष सत्यदेव पाण्डेय, द्वेवेश देव, आलोक कुमार, रंगनाथ मिश्रा, मिथलेश, राहुल सिंह सहित क्षेत्र के अन्य प्रबुद्ध किसानों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।किसानों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ऑनलाइन खतौनी सत्यापन में हो रही देरी को तत्काल दूर कराया जाए तथा यदि किसी स्तर पर जानबूझकर लापरवाही बरती जा रही है तो संबंधित जिम्मेदार के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि किसानों की इस गंभीर समस्या पर जिला प्रशासन कब संज्ञान लेता है और सलखन न्याय पंचायत की 15 ग्राम सभाओं के किसानों को धान बिक्री में आ रही बाधा से कब तक निजात मिलती है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.