google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

उर्दू-बंगला TET उत्तीर्ण शिक्षकों की सेवा बहाली के लिए सांसद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उर्दू-बंगला TET उत्तीर्ण शिक्षकों की सेवा बहाल करने तथा उनकी सेवा समाप्ति के आदेश पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। उन्होंने हजारों शिक्षक परिवारों के भविष्य और आजीविका को ध्यान में रखते हुए इस मामले का न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।


मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सांसद ने कहा है कि बिहार के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में कार्यरत उर्दू-बंगला TET उत्तीर्ण शिक्षकों की सेवा समाप्ति की कार्रवाई से हजारों शिक्षक परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक एवं सामाजिक संकट उत्पन्न होने की आशंका है। इन शिक्षकों की नियुक्ति विभागीय अधिसूचना संख्या 1769, दिनांक 24 नवंबर 2014 के आलोक में की गई थी। वहीं, प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के पत्रांक 2853, दिनांक 1 अक्टूबर 2026 के आलोक में की जा रही सेवा समाप्ति की कार्रवाई से संबंधित शिक्षकों का भविष्य अनिश्चितता में पड़ गया है।


डॉ. जावेद आजाद ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का सुझाव दिया है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभागीय अभिलेखों और न्यायिक आदेशों की समुचित समीक्षा की जाए। साथ ही, समीक्षा पूरी होने तक नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्रवाई पर रोक लगाने, प्रभावित शिक्षकों को अंतरिम राहत देने तथा उनका पक्ष रखने का उचित अवसर प्रदान करने पर भी विचार किया जाए।


सांसद ने कहा कि यह मामला केवल शिक्षकों की नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका और भविष्य से जुड़ा है। इसलिए किसी भी अंतिम निर्णय से पहले सभी संबंधित तथ्यों, विभागीय अभिलेखों और न्यायिक निर्देशों का गंभीरता से परीक्षण किया जाना चाहिए, ताकि प्रभावित शिक्षकों के हितों के साथ न्याय हो सके।


उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार सरकार मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी और उर्दू-बंगला TET उत्तीर्ण शिक्षकों की सेवा बहाली तथा उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए उचित एवं न्यायसंगत निर्णय लेगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)