google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बहादुरगंज में महिला हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी गिरफ्तार

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नटुआपाड़ा वार्ड संख्या 14 में 46 वर्षीय महजबी खातून की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पड़ोस में रहने वाले 23 वर्षीय सिमनान उर्फ साह समिनान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला की साड़ी से गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।


पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को बहादुरगंज पुलिस को सूचना मिली कि नटुआपाड़ा निवासी महजबी खातून, पति मुजाहिर आमल, की उनके घर में हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम से निरीक्षण कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेजा गया। मृतका की पुत्री के आवेदन पर बहादुरगंज थाना कांड संख्या 643/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।


पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पूछताछ, छापेमारी और तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर मामले की जांच की। इसी क्रम में प्राथमिकी अभियुक्त सिमनान उर्फ साह समिनान को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से उसकी मृतका से जान-पहचान थी और दोनों के बीच मिलना-जुलना होता था। पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात महिला के फोन करने पर आरोपी उसके घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर मारपीट की और महिला की साड़ी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद वह मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया था।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे है।


कार्रवाई में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार, जिला आसूचना इकाई के पु०अ०नि० सोना कुमार एवं नीतीश कुमार, बहादुरगंज थाना के पु०अ०नि० विकास कुमार-3, सुजीत कुमार और अखिलेश कुमार सहित जिला आसूचना इकाई के कर्मी तथा बहादुरगंज थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)