google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

म्योरपुर में सोगिया बाबा पत्थर के पास जर्जर डायवर्जन मार्ग बना हादसों का खतरा, ग्रामीणों ने उठाई मरम्मत की मांग

घुमावदार सड़क और किनारे खड़े पेड़ों से राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों पर मंडरा रहा दुर्घटना का खतरा

समाज जागरण | म्योरपुर, सोनभद्र

म्योरपुर/सोनभद्र। म्योरपुर-पड़री मार्ग पर सोगिया बाबा पत्थर के पास हवाईपट्टी से पहले बनाया गया रूट डायवर्जन अब राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। डायवर्जन के लिए बनाई गई पक्की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और घुमावदार मोड़ होने के साथ पटरी पर बड़े-बड़े पेड़ खड़े हैं। इससे यहां कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों बाइक सवार, पैदल राहगीर, स्कूली बच्चे और सवारी वाहन गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। वहीं सड़क के किनारे पेड़ों की फैली डालियों से सामने से आने वाले वाहनों को देखना भी मुश्किल हो जाता है। इससे आमने-सामने टक्कर होने का खतरा बना रहता है।

रात में बढ़ जाता है दुर्घटना का खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि दिन के समय भी इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा है, जबकि रात में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। जर्जर सड़क, गड्ढे और घुमावदार मोड़ के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोग चिंतित हैं।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत

ग्रामीण वीरेंद्र, मनोज कुमार, राम अवध, संदीप, संतोष और दयाल ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने, सड़क की पटरियों की सफाई कराने और पेड़ों की अनावश्यक रूप से फैली डालियों की छंटाई कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस डायवर्जन मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में संबंधित विभाग को किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)