google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सोनभद्र: गुरमा की आदिवासी बस्ती से तीन वर्षीय मासूम लापता, परिवार में मचा कोहराम

घर में सोते समय अचानक गायब हुआ परिवार का सबसे छोटा बेटा विशाल, परिजनों ने पुलिस चौकी में दी तहरीर; सकुशल बरामदगी की लगाई गुहार

समाज जागरण | तहसील संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता | सोनभद्र

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र की गुरमा पुलिस चौकी अंतर्गत चुर्क-गुरमा नगर पंचायत के गुरमा नगर स्थित आदिवासी बस्ती के वार्ड नंबर-09 में बुधवार की रात घर में सो रहा तीन वर्षीय मासूम अचानक लापता हो गया। बच्चे के गायब होने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंजू देवी पत्नी राम सिंह ने गुरमा पुलिस चौकी में तहरीर देकर अपने तीन वर्षीय पुत्र विशाल की तलाश कराने और मामले में तत्काल उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

रात में घर से अचानक गायब हुआ मासूम

बालक की दादी जमुना देवी के अनुसार, उनके बड़े बेटे राम सिंह के छह बच्चे हैं, जिनमें पांच लड़के और एक लड़की शामिल हैं। तीन वर्षीय विशाल सभी बच्चों में सबसे छोटा है। परिजनों का कहना है कि बुधवार की रात विशाल घर में सो रहा था, लेकिन देर रात वह अचानक लापता हो गया।

बताया गया कि घटना वाली रात बच्चे की मां घर पर मौजूद नहीं थी। सुबह करीब चार बजे जब मां घर लौटी और बच्चे की तलाश की गई तो उसके गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास तलाश की और पुलिस को सूचना देकर मासूम को खोजने की गुहार लगाई।

मासूम के लापता होने से बस्ती में दहशत

तीन वर्षीय बच्चे के अचानक लापता होने की घटना से आदिवासी बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों में चिंता और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही घरों और मंदिरों में चोरी सहित छिटपुट आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है। ऐसे में मासूम के लापता होने की घटना ने लोगों की बेचैनी और बढ़ा दी है।

पुलिस से तत्काल तलाश और सकुशल बरामदगी की मांग

मासूम के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराने, संभावित स्थानों पर तलाश करने और बच्चे को सकुशल बरामद करने की मांग की है।

फिलहाल बच्चे के लापता होने के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। परिजनों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)