दैनिक समाज जागरण अनील कुमार संवाददाता नबीनगर (औरंगाबाद)
नबीनगर (बिहार) ननबीनगर जैसे बड़े प्रखंड का रेफरल अस्पताल चिकित्सकों के अभाव में बीमार पड़ा है। स्थिति यह है कि अस्पताल में स्वीकृत पद के मुकाबले न के बराबर डॉक्टर मौजूद हैं और पूरा सिस्टम आयुष चिकित्सकों के भरोसे चल रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रेफरल अस्पताल नबीनगर में चिकित्सकों के कुल 5 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में मात्र 1 पद पर ही पोस्टिंग है। उस एकमात्र चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार भी सदर अस्पताल औरंगाबाद में प्रतिनियुक्त हैं। ऐसे में रेफरल अस्पताल में एक भी नियमित चिकित्सक नहीं बचे हैं।वहीं प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 8 डॉक्टरों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वहां भी मात्र 2 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। इसमें डॉ. चंदन कुमार और दंत चिकित्सक डॉ. अनुराधा कुमारी का नाम शामिल है।
बताते चलें कि नबीनगर का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी वर्तमान में रेफरल अस्पताल में ही संचालित हो रहा है। प्रखंड के चिरैली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित डॉ. अभय कुमार वर्तमान में रेफरल अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।सबसे चिंताजनक बात यह है कि इतने बड़े रेफरल अस्पताल में वर्तमान में एक भी विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद नहीं है, जबकि नबीनगर जिला ही नहीं बल्कि पूरे बिहार राज्य का एक बहुत बड़ा प्रखंड है। जनसंख्या के लिहाज से यहाँ स्वास्थ्य सुविधाओं की सबसे ज्यादा जरूरत है।स्थानीय लोगों का कहना है कि रेफरल अस्पताल पूरी तरह से आयुष चिकित्सकों के भरोसे चल रहा है, जो प्रखंड के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर पदस्थापित हैं और बारी-बारी से यहाँ ड्यूटी करते हैं। इमरजेंसी स्थिति में मरीजों को औरंगाबाद सदर अस्पताल या निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ता है।
प्रखंडवासियों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से जल्द से जल्द रिक्त पदों पर चिकित्सकों की पोस्टिंग और विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था करने की मांग की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



