*सरकारी योजना के तहत 2,500 रुपये दिलाने का दिया था झांसा, सीसीटीवी और मैनुअल इंटेलिजेंस से पुलिस को मिली सफलता**
**नोएडा।** गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 क्षेत्र में अस्पताल से नवजात शिशु के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के भीतर नवजात को सकुशल बरामद कर लिया और अपहरण के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को भंगेल स्थित एक अस्पताल में महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि 8 अक्टूबर की शाम एक अज्ञात महिला अस्पताल पहुंची और बच्चे की मां तथा उसकी नानी से संपर्क बढ़ाया। उसने सरकारी योजना के तहत 2,500 रुपये दिलाने का झांसा देकर परिजनों का विश्वास जीता।
इसके अगले दिन, 9 अक्टूबर की सुबह वह महिला दोबारा अस्पताल पहुंची और नवजात को दुलारने लगी। इसी दौरान उसने परिजनों को बातचीत में उलझाया और कथित तौर पर धोखे से बच्चे को लेकर चली गई।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना फेस-2 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ घंटे के भीतर नवजात को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में उपासना पत्नी सोनू कुमार को एनएसईजेड मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया।
### बहन को बच्चा देने के लिए किया अपहरण
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने कथित तौर पर बताया कि उसकी बहन की कोई संतान नहीं है। इसी वजह से वह अपनी बहन को बच्चा देने के उद्देश्य से नवजात को अस्पताल से लेकर गई थी। पुलिस मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।
गिरफ्तार महिला की पहचान उपासना (26 वर्ष), निवासी ग्राम बावली, थाना बड़ौत, जिला बागपत, वर्तमान निवासी भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने नवजात को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
इस मामले में थाना फेस-2 में मुकदमा अपराध संख्या 468/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 137(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। बिना नंबर प्लेट की स्कूटी को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
**स्रोत: मीडिया सेल, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर।**
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



