google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

नोएडा के सेक्टर-62 में 11 से 21 अक्टूबर तक सजेगा श्रीरामलीला महोत्सव, भजन जैमिंग से जुड़ेंगे जेन-जी

70 फुट के रावण, 65 फुट के कुंभकरण और 60 फुट के मेघनाद के पुतले होंगे आकर्षण का केंद्र, आतंकवाद और भ्रष्टाचार के पुतलों का भी होगा दहन

**समाज जागरण संवाददाता, नोएडा।** श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति की ओर से सेक्टर-62 स्थित सी-ब्लॉक रामलीला मैदान में 11 से 21 अक्टूबर तक श्रीरामलीला महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे श्रीरामलीला का मंचन होगा। इस बार रामलीला को युवाओं और नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए 12 अक्टूबर को श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर भजन जैमिंग कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक गगन राठौड़ और उनकी टीम प्रस्तुति देंगे।



शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग, अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर को गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा तथा नोएडा विधायक पंकज सिंह करेंगे।



## 60 कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन

समिति के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि मुरादाबाद की अनुभवी लीला मंडली श्री जानकी कला मंच के लगभग 60 कलाकार संजीव कुमार के निर्देशन में 11 दिनों तक रामलीला का मंचन करेंगे। समिति का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके चरित्र के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से जेन-जी और जेन-अल्फा को आकर्षित करने के लिए भजन जैमिंग का आयोजन किया जा रहा है।



## 15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य श्रीराम बारात

15 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे सेक्टर-20 स्थित श्री हनुमान मंदिर से श्रीराम बारात की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा डीएम कार्यालय, सेक्टर-19 टेलीफोन एक्सचेंज, हरौला, सेक्टर-4, 5, 9, 10, 11, 12, सेक्टर-55, 57 तिराहा और लेबर चौक होते हुए सेक्टर-62 रामलीला मैदान पहुंचेगी। यहां राजा जनक की ओर से बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ आयोजन को आकर्षक बनाया जाएगा।

## 20 अक्टूबर को होगा रावण दहन

समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग ने बताया कि 20 अक्टूबर को शाम 5 बजे श्रीराम-रावण युद्ध के बाद विजयदशमी महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान 70 फुट ऊंचे रावण, 65 फुट के कुंभकरण और 60 फुट के मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही आतंकवाद, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न के प्रतीकात्मक पुतलों का भी दहन होगा। 21 अक्टूबर को श्रीराम राज्याभिषेक और भरत मिलाप के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।



## सुरक्षा और स्वास्थ्य की विशेष व्यवस्था

समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने बताया कि दर्शकों की सुरक्षा के लिए पुलिस, निजी सुरक्षा कर्मियों और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। मैदान में तीन दर्जन सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, अग्निशमन उपकरण और पांच बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी। मंच पर भी बड़ी स्क्रीन की व्यवस्था रहेगी।

दर्शकों के बैठने के लिए एक हजार सोफे और तीन हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। फेलिक्स अस्पताल की ओर से चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध रहेंगे। प्राथमिक उपचार, ब्लड प्रेशर व शुगर जांच तथा आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा खानपान के लिए मिठाई, चाट-पकौड़े, भोजन, पानी और शीतल पेय के स्टॉल लगाए जाएंगे।

महोत्सव में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, समाजसेवियों और शहर के गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। प्रेस वार्ता में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार गर्ग, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, सह-कोषाध्यक्ष अनिल गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतनारायण गोयल, बजरंगलाल गुप्ता, पवन गोयल, एस.एम. गुप्ता, गौरव मेहरोत्रा, तरुण राज, मुकेश अग्रवाल, मनोज शर्मा, रविंद्र चौधरी, मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता, अजीत चाहर, डॉ. एसपी जैन, अनंत वर्मा, राजेश माथुर, मनीष गोयल और नवीन पोरवाल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)