
हिसार (राजेश सलूजा) : बरवाला फोटोग्राफर संघ की बरवाला शहर के अग्रोहा मार्ग पर स्थित जीत पैलेस में ओमप्रकाश मनचंदा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में बरवाला शहर व आसपास क्षेत्र के फोटोग्राफरो ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस बैठक में बरवाला फोटोग्राफर संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बरवाला फोटोग्राफर संघ के ओमप्रकाश मनचंदा को तीसरी बार प्रधान पद की जिम्मेवारी सर्वसम्मति से सौंपी गई। इसके अलावा सचिव पद की जिम्मेवारी दूसरी बार सोनू भारद्वाज को और कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेवारी भी दूसरी बार रवि अरोड़ा को सौंपी गई। इस नई कार्यकारिणी की समय अवधि 3 वर्ष के लिए रखी गई है। इन नवनियुक्त पदाधिकारियों का संघ द्वारा फूल मालाओं से बड़ी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। मीटिंग का संचालन सचिव सोनू भारद्वाज ने किया। कोषाध्यक्ष रवि अरोड़ा ने गत वर्ष का लेखा जोखा दिया। नवनियुक्त प्रधान ओमप्रकाश मनचंदा ने तीसरी बार प्रधान बनाए जाने पर सभी फोटोग्राफरों का धन्यवाद किया और सभी को आश्वासन दिया कि बरवाला फोटोग्राफर संघ सभी फोटोग्राफरों को साथ लेकर चलेगा। किसी फोटोग्राफर को किसी प्रकार की कोई समस्या होगी तो उनकी हर समस्या का निदान किया जाएगा। बरवाला फोटोग्राफर संघ समय-समय पर समाज सेवा के कार्य करता रहता है। इस अवसर पर बरवाला शहर समेत आसपास क्षेत्र के अनेक फोटोग्राफर मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



