google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के दुल्हिन बाजार-भरतपुरा सड़क पहली बारिश में हुआ बदहाल, निर्माण कार्य पर उठे सवाल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के दुल्हिन बाजार प्रखंड में करोड़ों की लागत से बनी मुख्य बाजार-बड़की खंडवा-भरतपुरा सड़क पहली ही हल्की बारिश में बदहाल हो गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के महज नौ महीने के भीतर सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे बन गए हैं और जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस स्थिति ने विभागीय निगरानी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। ग्रामीण कार्य विभाग, पालीगंज प्रमंडल द्वारा ‘ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम’ के तहत इस 3.610 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग 289.018 लाख रुपये (करीब 2.89 करोड़) की लागत से कराया गया था।

शिलापट्ट के अनुसार, कार्य 12 सितंबर 2025 को पूर्ण हुआ था। हालांकि, पहली बारिश ने ही निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और तकनीकी मानकों की पोल खोल दी है। स्थानीय निवासी मिठू कुमार, रमेश चंद्र और कमल किशोर शर्मा का कहना है कि भारी खर्च के बावजूद सड़क टिकाऊ नहीं बनी। ग्रामीणों का आरोप है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई और निर्माण में केवल खानापूर्ति की गई है।

सड़क पर गिट्टी और राख डालकर काम निपटाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों व संवेदकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिस सड़क से बेहतर आवागमन की उम्मीद थी, वह अब दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है। 2.89 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी चंद महीनों में सड़क का यह हाल प्रशासन की कार्यशैली और जवाबदेही पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)