समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर जहां पूरा देश भक्ति रस में डूबा हुआ है वहीं बिहटा वायुसेना परिसर में स्थित अति प्राचीन सूर्य मंदिर में बीते दस दिनों से तेंदुआ की वजह से एयरफोर्स प्रशासन द्वारा पूजा-पाठ पर रोक लगा दिया गया था। वहीं जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर बुधवार को एयरफोर्स प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम तीन बजे से लेकर छह बजे तक अस्ताचलगामी सूर्य और सुबह तीन बजे से लेकर करीब सात बजे तक उदीयमान सूर्य को अर्घ्य तथा पूजा पाठ करने की अनुमति छठ व्रतियों को दे दी है। जबकि व्रतियों को रात्रि में ठहरने की अनुमति नहीं दी है। प्रशासन ने अपील किया है कि किसी तरह के अफवाहों के चक्कर में नहीं पड़ें। सावधानीपूर्वक सूर्य को अर्घ्य देकर अपने घर लौट जाएं। इस सम्बंध में बिहटा थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने बताया कि जन प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के अनुरोध के बाद वायुसेना प्रशासन से बातचीत कर पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सूर्य मंदिर परिसर में पूजा-पाठ करने के लिए फिलहाल दो घंटे शाम और दो घंटे सुबह व्रतियों के लिए मंजूरी दी गई है। ऐसे में पूरी सावधानी बरतने की भी जरूरत है। किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना है।
ज्ञात हो जब से तेंदुआ की चहलकदमी वायुसेना परिसर के अंदर देखी गई है तब से वायुसेना प्रशासन अलर्ट मोड में है। वही वन विभाग की टीम भी तेंदुआ को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही है। इस दरम्यान वायुसेना परिसर के अंदर चल रहे सभी स्कूलों और निर्माण कार्यों पर अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इसको लेकर बीते तीन दिनों पहले दानापुर एसडीएम, एसडीपीओ, एयरफोर्स प्रशासन और वन रेंज के अधिकारी के साथ जन प्रतिनिधियों की बैठक हुई थी। जिसमें साफ-सफाई और पूजा-पाठ को लेकर गंभीर चर्चा हुआ था। जिसके बाद एसडीएम ने सूर्य मंदिर स्थित तालाब की साफ-सफाई नगर परिषद बिहटा के द्वारा कराया था। लेकिन प्रशासन ने साफ तौर पर कहा था कि तेंदुआ पकड़े जाने तक छठ-पूजा पर रोक रहेगी।

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



