google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में वाहन जांच के दौरान 18 लाख नगद रुपये बरामद

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी पटना में जेपी सेतु पर की गई वाहन जांच में पुलिस ने एक चारपहिया वाहन से 18 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। नकदी के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वाहन में सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दी गई है।
जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजधानी के कई इलाकों में सघन वाहन चेकिंग की गई। दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेपी सेतु पर भी सख्ती से वाहनों की जांच शुरू की गई। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गाड़ी की तलाशी में नोटों की गड्डियां निकलने लगीं। पुलिस के अनुसार, सारण जिले के सोनपुर क्षेत्र से पटना की ओर आ रही एक चारपहिया वाहन को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर दीघा जेपी सेतु टीओपी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के भीतर रखे बैग और अन्य स्थानों से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। गिनती करने पर कुल 18 लाख रुपये नकद पाए गए।

वाहन में सवार दोनों युवकों से जब बरामद नकदी के बारे में पूछताछ की गई तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। न तो वे पैसे के स्रोत के बारे में स्पष्ट जानकारी दे पाए और न ही यह बता सके कि इतनी बड़ी रकम लेकर वे कहां जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और वाहन को जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी है। वही पटना पुलिस के इस चेकिंग अभियान को अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। बीते कुछ समय से राजधानी में पुलिस लगातार वाहनों की जांच कर रही है। इससे पहले भी अलग-अलग इलाकों से भारी मात्रा में नकदी, हथियार और संदिग्ध सामग्री बरामद की जा चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में डर का माहौल बना है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। यदि नकदी अवैध पाई जाती है तो संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं यदि पैसे का वैध स्रोत साबित होता है तो नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)