वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले के लिए गौरव का विषय है कि रुस्तम अली बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, किशनगंज ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 में शत-प्रतिशत (100%) परिणाम हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय के कुल 133 छात्र-छात्राएं (कला: 50, जीव विज्ञान: 65 एवं गणित: 18) परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें सभी 133 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए।
परिणाम के अनुसार 125 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 8 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की है, जो विद्यालय की उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।संकायवार टॉपर्स में कला संकाय से हशमत रज़ा ने 93.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। विज्ञान संकाय (जीव विज्ञान) में काशिफ कमर ने 82.40 प्रतिशत अंक के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि विज्ञान संकाय (गणित) में जुनैद आलम ने 83.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।
विशेष उपलब्धियों की बात करें तो 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 4 विद्यार्थी (सभी कला संकाय से) हैं। वहीं 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले कुल 31 विद्यार्थियों में कला संकाय के 22, जीव विज्ञान के 5 एवं गणित के 4 विद्यार्थी शामिल हैं।
विद्यालय की यह उल्लेखनीय सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा विद्यालय प्रबंधन की सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था का परिणाम मानी जा रही है।
सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, किशनगंज ने इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही विश्वास जताया कि विद्यालय भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



