google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सलाम नमस्ते ने की ‘सुपर युवा टॉकीज’ शुरू

नोएडा। सेक्टर 62 स्थित आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते ने युवाओं के सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई युवा-आधारित रेडियो श्रृंखला ‘सुपरयुवा टॉकीज’ की शुरुआत की। यह श्रृंखला युवाओं द्वारा संचालित चर्चाओं, प्रेरक कहानियों और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनकी आवाज को सशक्त मंच प्रदान करेगी।

शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि सुपर युवा टॉकीज का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर जागरूक करना तथा उन्हें सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाना है। सलाम नमस्ते कम्युनिटी रेडियो लंबे समय से समुदाय की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करता आ रहा है, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और युवाओं को प्राथमिकता दी जाती रही है।

उन्होंने बताया कि इस नई श्रृंखला के तहत करियर मार्गदर्शन, युवा नेतृत्व विकास, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने जैसे कार्यक्रम शामिल किए जाएंगे। इसमें छात्रों और युवा उम्मीदवारों को करियर ट्रेंड, स्कॉलरशिप अवसरों और कौशल विकास की जानकारी दी जाएगी, वहीं सामाजिक बदलाव के लिए युवा नेतृत्व को मीडिया आउटरीच और सामुदायिक पहलों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही प्रेरणादायक महिलाओं की कहानियां और साक्षात्कार तथा संगीत, कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति को भी मंच मिलेगा।

वहीं शनिवार को आयोजित लॉन्च कार्यक्रम में जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल विजयनगर के युवाओं ने सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने उत्तर प्रदेश की उल्लेखनीय उपलब्धियों और प्रेरक कहानियों पर अपने विचार रखे तथा उपभोक्ता जागरूकता, जल संरक्षण, स्वच्छता और हाइजीन जैसे विषयों पर अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम के दौरान सुपर युवा टॉकीज अभियान के शुभारंभ पर उत्कृष्ट सहभागिता के लिए युवाओं को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित होने वालों में आशीष चौहान, रितिका पांडे, अंशुमन तिवारी, भारत भारद्वाज और आदित्य राज शामिल रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)