google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के दानापुर नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने किया प्रदर्शन

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के दानापुर नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार की सुबह सात प्रमुख मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया, आगजनी की और जमकर नारेबाजी की। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और नियमित कामकाज बाधित हो गया। प्रदर्शनकारी सफाई कर्मियों का मुख्य आरोप नगर परिषद की नियुक्त सफाई एजेंसी ‘एडम’ पर है। उनका कहना है कि लंबे समय से काम करने के बावजूद एजेंसी ने उन्हें अब तक पहचान पत्र यानी आई-कार्ड उपलब्ध नहीं कराया। कर्मचारियों का कहना है कि बिना पहचान पत्र के वे असुरक्षित रहते हैं और कई बार बाहरी लोग भी सफाई कर्मी बनकर काम करने लगते हैं, जिससे कई तरह की समस्याएँ पैदा होती हैं। सफाई कर्मियों ने यह भी बताया कि एजेंसी मनमानी करते हुए किसी भी कर्मचारी को बिना कारण बताए हटा देती है और विरोध करने पर धमकी भी दी जाती है। कर्मचारियों ने अपनी सात प्रमुख मांगों को लेकर पहले भी कई बार आवाज उठाई है। इनमें मुख्य रूप से पटना नगर निगम की तर्ज पर पीएफ की सुविधा, मानदेय वेतन, नियमितीकरण, समय पर भुगतान, सुरक्षा उपकरण, कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएँ और नौकरी से मनमाने तरीके से हटाने पर रोक शामिल है। उन्होंने बताया कि यह मुद्दा नया नहीं है। कई महीनों से वे ये मांगे उठा रहे हैं, लेकिन ठोस समाधान सामने नहीं आया। 25 नवंबर को भी परिषद के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी विग्नेश टी.ए. को इस संबंध में लिखित आवेदन दिया गया था। लेकिन जब उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन के दौरान नगर परिषद की स्वच्छता अधिकारी अपर्णा और प्रभारी प्रधान लिपिक कार्यालय पहुंचे, लेकिन गेट पर लगे ताले और कर्मचारियों के आक्रोश को देखकर वे लौट गए। इसके कारण नगर परिषद का पूरा कामकाज बाधित हो गया। फाइलें लंबित रहीं और प्रशासनिक गतिविधियां रुक गईं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने साफ कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि यह उनके सम्मान और अधिकार से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए पीछे हटने का सवाल नहीं है। कई कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें नियमित वेतन नहीं मिलता और सुरक्षा उपकरणों के अभाव में वे रोज जोखिम उठाकर काम करते हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे जिससे सफाई व्यवस्था और भी चरमरा जाएगी। इस मामले में परिषद प्रशासन ने कर्मचारियों के साथ बैठकर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। कार्यपालक पदाधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि दैनिक सफाई कर्मियों की मांगों को गंभीरता से देखा जाएगा और जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एजेंसी ‘एडम’ को भी निर्देश दिया गया है कि वह कर्मचारियों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करे। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था जनता से सीधा जुड़ा मुद्दा है, इसलिए परिषद जल्द ही उचित कदम उठाकर कामकाज को पटरी पर लाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)