वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
28 जुलाई। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडल कारा, किशनगंज में संयुक्त सिक्योरिटी ऑडिट (Security Audit) एवं बंदी दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का बिंदुवार निरीक्षण कर कारा परिसर को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद आयोजित बंदी दरबार में बंदियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी को सौंपे। डीएम ने संबंधित विभागों को प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा बंदियों को समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आरसेटी (RSETI), किशनगंज के माध्यम से 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक आयोजित 12 दिवसीय बकरी पालन (Goat Rearing) प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिला पदाधिकारी ने विधिवत शुभारंभ किया। प्रशिक्षण का संचालन आरसेटी के निदेशक सुबोध कुमार राय के नेतृत्व में किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने बंदियों एवं कारा कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल विकास एवं स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम बंदियों के पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे प्रशिक्षण से कारा से रिहा होने के बाद बंदी आत्मनिर्भर बन सकेंगे और सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर सकेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान आरसेटी के अकमल यजदानी एवं सुभाष कुमार मंडल ने प्रतिभागियों को बकरी पालन से संबंधित वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (भवन प्रमंडल), कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति प्रमंडल), काराधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, उपाधीक्षक अभिषेक कुमार सिंह, सहायक अधीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, कारा चिकित्सक डॉ. अभिषेक रंजन, डॉ. जेबा निशात, कारा बंदी कल्याण पदाधिकारी पवन कुमार साह, सहायक अधीक्षक पूजा कुमारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



