google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
28 जुलाई। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास निगम (WCDC), किशनगंज द्वारा ठाकुरगंज हाई स्कूल, ठाकुरगंज में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत छात्राओं के लिए जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, विभिन्न सरकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा, शिक्षा, करियर निर्माण एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था।


जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, ICDS सह नोडल पदाधिकारी, WCDC, श्रीमती अंकिता सिंह ने कहा कि “बेटी केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। जब एक बेटी शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती है, तो वह अपने परिवार, समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बेटी को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और आत्मविश्वास प्रदान करना है। हमारी कोशिश है कि जिले की हर बेटी अपने सपनों को साकार करे और जीवन के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।”


कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मो. शहबाज आलम, जेंडर स्पेशलिस्ट सुशील कुमार झा एवं केस वर्कर टुपा दास ने छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, बाल विवाह निषेध, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, मानव तस्करी, महिला सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
संवाद सत्र के दौरान छात्राओं ने शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर, आत्मनिर्भरता एवं व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े कई सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनके प्रश्नों का सरल, प्रेरक एवं व्यावहारिक उत्तर देते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करने और शिक्षा के माध्यम से समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।


छात्राओं ने कार्यक्रम में खुलकर अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए, जिन पर विशेषज्ञों ने आवश्यक सुझाव एवं परामर्श दिए। विद्यालय परिवार ने भी छात्राओं को निरंतर शिक्षा प्राप्त करने, आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम की विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकों एवं छात्राओं ने सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)