समाज हगर्न पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के बख्तियारपुर मोकामा फोरलेन पर शुक्रवार की सुबह हुआ सड़क हादसा में घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण पांच वाहन आपस में टकरा गए। जिसमें सात लोग घायल हो गए।
यह दुर्घटना शुक्रवार की सुबह मोकामा थाना क्षेत्र के मोर गांव के पास हुई। सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि फोरलेन पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। सड़क पर आगे-पीछे चल रहे वाहन एक-दूसरे को ठीक से देख नहीं पा रहे थे। इसी दौरान अचानक हुई टक्कर ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोरलेन पर अचानक एक वाहन ने ब्रेक लगाया। घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे वाहन चालक समय पर स्थिति को समझ नहीं सके और एक के बाद एक वाहन आपस में टकराते चले गए। देखते ही देखते यह मामूली टक्कर एक बड़े हादसे में बदल गई। हादसे में एक इनोवा कार, एक ट्रक-ट्रॉली, दो मोटर साइकिल और एक यात्री बस शामिल है। इस दुर्घटना में कुल सात लोग घायल हुए हैं। इनमें से बस चालक और एक बाइक सवार की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बस में सवार पांच यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। इन यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
बस पटना से बेगूसराय जा रही थी और उसमें काफी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सड़क पर चीख-पुकार मची हुई थी और कई लोग मदद के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। ग्रामीणों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। समय पर ग्रामीणों की मदद मिलने से घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। सूचना मिलते ही मोकामा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को इलाज के लिए भेजा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को फोरलेन से हटाकर यातायात बहाल किया गया। कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया। पुलिस ने सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



