दैनिक समाज जागरण अनील कुमार संवाददाता नबीनगर (औरंगाबाद)
नबीनगर (बिहार) नबीनगर प्रखंड के टंडवा थाना अंतर्गत मोहरी ईटवा गांव में पांच वर्षीय मासूम सिद्धार्थ कुमार की गला काटकर की गई निर्मम हत्या के विरोध में गुरुवार देर शाम नबीनगर बाजार में कैंडल मार्च निकाला गया। बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने हत्यारे को फांसी की सजा देने की मांग की।सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्रों, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर “सिद्धार्थ को न्याय दो”, “हत्यारे को फांसी दो” के नारे लगाए। मार्च बस स्टैंड रोड , न्यू एरिया,मंगल बाजार,शनिचर बाजार दुर्गा चौक पर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।
गौरतलब है कि 30 जून को मोहरी ईटवा गांव निवासी प्रमोद सिंह चंद्रवंशी का 5 वर्षीय बेटा सिद्धार्थ घर से लापता हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गांव के ही 20 वर्षीय धनसेवक कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव घर से 200 मीटर दूर झाड़ी से बरामद हुआ था। प्रथम दृष्टया कारण प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार हत्यारे धनसेवक का मृतक की बहन से प्रेम संबंध चल रहा था और शादी करना चाहता था जिसमें असफल होने पर बालक सिद्धार्थ को रात में अपहरण कर हत्या कर दिया था।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि मासूम की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लोगों ने स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा और सुरक्षा देने की भी मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



