दैनिक समाज जागरण अनील कुमार संवाददाता नबीनगर (औरंगाबाद)
नबीनगर (बिहार) नबीनगर प्रखंड के बड़ेम थाना क्षेत्र में सोन नदी में नाव पलटने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। रविवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों द्वारा चलाए जा रहे तलाशी अभियान का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को किसी भी प्रकार का कोताही नहीं बरतने का सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि लापता लोगों को मिलने तक तलाशी अभियान जारी रहेगा।गौरतलब है कि शुक्रवार के दिन सोन नदी में नाव पलटने की घटना हुई थी जिसमें छह महिलाएं लापता हो गई थी। अब तक 4 शव बरामद किए गए हैं, जबकि 2 महिलाएं अभी भी लापता हैं।जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने और हर संभव सहायता सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।



