सोनभद्र पुलिस द्वारा कोलकाता से ट्रांजिट रिमांड पर की गई गिरफ्तारी
ब्यूरो चीफ / समाज जागरण
सोनभद्र। जनपद पुलिस ने कफ सीरप तस्करी के मास्टरमाइंड भोला प्रसाद जायसवाल को कोलकाता से गिरफ्तार किया है।आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ थाइलैंड भागने की तैयारी में था।उसे ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाया गया है।भोला प्रसाद जायसवाल ड्रग माफिया शुभम जायसवाल का पिता है।
पुलिस अधिक्षक अभिषेक बर्मा ने आज पत्रकारों के सामने इसका खुलासा पुलिस लाइन मे किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि भोला प्रसाद जायसवाल, पुत्र रामदयाल, निवासी ए-924/जे, कायस्थ टोला,प्रहलाद घाट, आदमपुर, जनपद वाराणसी को उस समय पकड़ा गया जब वह विदेश भागने की फिराक में था। गिरफ्तारी के बाद कोलकाता में ट्रांजिट रिमांड के लिए न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद उसे सोनभद्र लाया गया।
जांच में पता चला है कि भोला प्रसाद जायसवाल मेसर्स शैली ट्रेडर्स,रांची (झारखंड) के माध्यम से कफ सीरप की नकली बिलिंग कर बड़े पैमाने पर अवैध वितरण कर रहा था। एसआईटी जांच में जनपद भदोही,चंदौली,वाराणसी और सोनभद्र में लगभग 25 करोड़ रुपये के फर्जी लेन-देन का खुलासा हुआ है।इनमें से अधिकांश फर्में धरातल पर अस्तित्वहीन पाई गईं और संलिप्त खातों को फ्रीज कर दिया गया है।
इस मामले में पूर्व में कई बड़ी बरामदगियां हुई थीं। 18 अक्टूबर 2025 को सोनभद्र में चेकिंग के दौरान दो कंटेनरों से लगभग 3.50 करोड़ रुपये मूल्य की 1,19,675 प्रतिबंधित कफ सीरप की शीशियां बरामद की गई थीं। इसके बाद 1नवंबर 2025 को झारखंड के रांची में 134 पेटी में करोड़ों रुपये की कुल 13,400 अवैध कफ सीरप की शीशियां जब्त की गईं।3/4 नवंबर 2025 की रात को सोनभद्र पुलिस और गाजियाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार ट्रकों से 3.40 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित कफ सीरप और 20 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई थी। ड्रग इंस्पेक्टर राजेश मौर्य द्वारा 29 नवंबर 2025 को थाना रॉबर्ट्सगंज पर विभिन्न धाराओं सहित एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया था।
इसके अलावा ग्राम बरकरा की फर्जी फर्म माँ कृपा मेडिकल एवं मेसर्स शिवक्षा प्रा0 लिमिटेड द्वारा 01अप्रैल 2024 से 23.08.2025 तक 7,53,000 शीशियाँ Phensedyl Syrup अवैध रूप से काले बाजार में खपाई गईं।उक्त संगीन आरोपों के आधार पर सोनभद्र पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा भोला प्रसाद जायसवाल की गिरफ्तारी की गई।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



