फर्जी एनकाउंटर और रैयती जमीन छीनने की साजिश पर कार्यकर्ताओं का हेमंत सरकार पर हमला
दैनिक समाज जागरण, संवाददाता
ईचागढ़: भाजपा झारखंड प्रदेश के आह्वान पर कुकडू मंडल में गुरुवार को एक दिवसीय आक्रोश प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष भरत चंद्र महतो ने की। प्रदर्शन में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य हेमंत सरकार के कथित इशारे पर आदिवासी नेता सूर्य हाज्दा के फर्जी एनकाउंटर की घटना और आदिवासी रैयती जमीन छीनने की साजिश का विरोध करना था। वक्ताओं ने कहा कि यह घटना आदिवासी समाज के अधिकारों पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष भरत चंद्र महतो ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जूझ रही है, लेकिन राज्य सरकार पूरी तरह मौन है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा नहीं करती और फर्जी मुकदमों व एनकाउंटर की घटनाओं पर रोक नहीं लगाती, तो भाजपा व्यापक जनांदोलन खड़ा करेगी।
इस आक्रोश प्रदर्शन में सच्चिदानंद महतो, सुमन मुखर्जी, अजित सिंह मुंडा, गणेश महतो, प्रवीर कुमार महतो, अजय सिंह सरदार, अभिराम महतो, मनोरंजन महतो, रामसिंह रजक सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि भाजपा गरीब और आदिवासी समाज की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए क्षेत्र की सभी प्रमुख समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की और सरकार को चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



