4 जनवरी से होगा लक्ष्मीनारायण यज्ञ व भागवत महापुराण का भव्य आयोजन
समाज जागरण
उमरिया।देश प्रदेश में ख्याति प्राप्त शक्तिपीठ मां ज्वालाधाम उचेहरा में आगामी 1 जनवरी को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मां ज्वाला का जन्मोत्सव कार्यक्रम पूरी भव्यता के साथ भक्तिमय वातावरण में किया जाएगा।जानकारी के मुताबिक 31 दिसंबर को सुबह 9 बजे से अखंड मानस प्रारंभ होगा वहीं 01 जनवरी को मातारानी की विधिवत पूजा आराधना हवन कर जन्मोत्सव कार्यक्रम आरंभ किया जाएगा जिसमें सुबह 8 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी साथ 10 बजे से लोककला शैला नृत्य सुआ करमा आदि का मनमोहक कार्यक्रम किया जाएगा।
4 जनवरी से होगा यज्ञ व भागवत पुराण का कार्यक्रम
मां ज्वाला देवी के दरबार में 04 जनवरी से 12 जनवरी तक वृंदावन धाम के प्रवचनकर्ता विनयकांत त्रिपाठी के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत पुराण का रसपान कराया जाएगा वहीं यज्ञाचार्य श्री सीताराम समाधिया जी महाराज के द्वारा श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ का पुनीत कार्यक्रम संपन्न होगा। बताया गया है कि 4 जनवरी को विशाल कलश व शोभायात्रा का आयोजन होगा वहीं 5 जनवरी को श्री मद्भागवत महात्म कथा शुभारंभ कर 6 जनवरी को शुकदेव परीक्षित जन्म व विदुर चरित्र,7 जनवरी को ध्रुव चरित्र प्रहलाद चरित्र व नरसिंह अवतार,8 जनवरी को वामन अवतार श्री राम कृष्ण जन्मोत्सव,9 जनवरी को श्री कृष्ण बाल लीला गोवर्धनपूजा व 56 भोग,10 जनवरी को महारास लीला श्री कृष्ण रुक्मणि विवाह,11 जनवरी को सुदामा चरित्र वर्णन फूलों की होली के साथ कथा विश्राम,12 जनवरी को पूर्णाहुति व विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा। मां ज्वालाधाम सेवा समिति के द्वारा सभी भक्तों से उक्त अवसर में पहुंचकर पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की गई है।
आयोजन की तैयारियों में जुटा प्रबंध समिति
मां ज्वालाधाम उचेहरा में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर व्यापक उत्साह बना हुआ है। प्रबंध समिति के द्वारा मंदिर प्रांगण में तमाम तैयारियां पूर्ण की जा रही है जिसमें यज्ञ स्थल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं।



