लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जागरूकता रथ मिंटू कुमार संवाददाता समाज जागरण हजारीबाग सदर ।
राज्य सरकार द्वारा दिनांक 10 जून 2025 से 26 जून 2025 तक प्रस्तावित राज्यव्यापी निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान के सफल संचालन हेतु आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने जिला के सभी पदाधिकारियों सहित अन्य कर्मियों को नशामुक्त भारत बनाने हेतु शपथ दिलाई। तत्पश्चात उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर तीन जागरूकता रथ को रवाना किया। ये तीनों रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने का काम करेगी। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि नशा न केवल शरीर को बल्कि व्यक्ति के सपनों और उसके भविष्य को भी नष्ट कर देता है। नशे से ग्रसित बच्चों एवं नागरिकों में कई मानसिक और शारीरिक लक्षण देखने को मिलते हैं। इसे रोकने हेतु जिला प्रशासन सतत् प्रयासरत है।उपायुक्त ने वेबिनार के माध्यम से जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने स्तर से नशे के विरुद्ध आवश्यक ठोस कदम उठाने हेतु निर्देशित किया है।

हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह का नशामुक्ति को लेकर जिले वासियों के नाम संदेश-
मेरे प्यारे हज़ारीबाग के नागरिकों, आप सभी से नशामुक्ति के इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग और सहभागिता की अपील करता हूँ। नशा एक ऐसी बुराई है जो न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला कर देती है, बल्कि यह परिवार और समाज को भी अंदर से तोड़ देती है।
नशा मुक्ति केवल एक सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
आइए, हम सब मिलकर इस नशे के खिलाफ एक मजबूत दीवार खड़ी करें। अपने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करें, अपने आस-पड़ोस में किसी को नशे की गिरफ्त में देखें तो उसे सही रास्ता दिखाने में मदद करें।
युवा शक्ति हमारे देश का भविष्य है और उन्हें नशे से दूर रखना हमारी प्राथमिकता है। नशे से बर्बाद होते जीवन और घरों को बचाना ही हमारा लक्ष्य है।
मुझे विश्वास है कि हम सब मिलकर हज़ारीबाग को एक नशामुक्त और स्वस्थ समाज बनाने में सफल होंगे। आइए, एक ऐसे समाज का निर्माण करें जहाँ हर व्यक्ति स्वस्थ, खुशहाल और आत्मनिर्भर हो।
जय हिन्द!
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



