समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ मधेपुरा के रतवारा थाना क्षेत्र के सोनामुखी बाजार में बुधवार की देर रात आलमनगर प्रखंड के गंगापुर पंचायत की पूर्व मुखिया के पति की बदमाशों गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान संजय जायसवाल उर्फ बमबम भगत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार संजय जायसवाल बुधवार शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से करीब 100 मीटर दूर सोनामुखी कचहरी पर भुट्टा पार्टी में शामिल हुए थे। रात को पार्टी समाप्त होने के बाद जब वे साथियों के साथ सड़क पर टहल रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए चार गोलियां दागीं। जिसमें सिर, गर्दन, सीना और पैर में एक-एक गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रतवारा थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार की सुबह एक्स-रे के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच में शक के आधार पर संजय जायसवाल के एक करीबी साथी बिपिन शर्मा को हिरासत में लिया गया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। मृतक की पत्नी अर्चना कुमारी वर्ष 2016 से 2021 तक पंचायत की मुखिया रही हैं। संजय जायसवाल अपने पीछे तीन संतानों बेटी संजना आनंद (16), श्रेया आनंद (11) और बेटा चिराग आनंद (9) को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के भतीजा राकेश कुमार ने बताया कि बुधवार की शाम सोनामुखी ड्योढ़ी पर भुट्टा पार्टी हुआ था। उसमें करीब सौ लोग शामिल हुए थे। उस पार्टी हमलोग भी थे। भुट्टा पार्टी के बाद हमलोग घर चले गए। इसके बाद चाचा के साथी बहला-फुसला कर उसे पान खाने के बहाने घर से थोड़ी दूर ले गए और उन्हें गोली मार कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया चाचा को किसी से कोई विवाद नहीं था। ये सामजिक लोग थे और जनता का भलाई करते थे। यही बात दुश्मनों को रास नहीं आई। उदाकिशुनगंज एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



