उमरिया। भारतीय जनता पार्टी जिला उमरिया के अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की सरकार का सफलतम 2 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। यह बीते 2 वर्ष पूरे मध्य प्रदेश के लिए बेमिसाल रहे हैं। इस दौरान पूरे मध्य प्रदेश के जिलों में जहां विकास का कार्य अनवरत जारी है। वहीं आदिवासी जिलों में भी जनजातीय समाज को मुख्य धारा से जोड़ने की कवायत की जा रही है।
श्री अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में सत्ता और संगठन में बखूबी तालमेल के साथ केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को हर आदिवासी,गरीब मजदूर, किसान, महिलाओं और हर वर्ग के अंतिम पंक्ति के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। आदिवासी बाहुल्य उमरिया जिले में भी जिले के दोनों आदिवासी विधायक के साथ संगठन पूरी कर्मठता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा सबका साथ सबका विकास और सबके विश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सफलतम और बेमिसाल 2 साल के दौरान महिला एवं बाल विकास के अंतर्गत 1.26 करोड़ लाडली बहनों को हर महीने मिलने वाली ₹1500 की राशि से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। वहीं कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के माध्यम से 2.67 लाख किसानों को भावांतर योजना में 482 करोड रुपए दिए गए हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत पीएम जनमन योजना के तहत 98 करोड़ 30 लाख और धरती आबा के तहत 401 करोड़ से अधिक के कामों का लोकार्पण किया गया है। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 7300 से अधिक जनजातीय बहुल गांव में विकास से जुड़े कई कार्य कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग में जहां जर्जर हो चुके भवन या छोटे पड़ रहे अस्पताल भवन की जगह बड़े-बड़े अस्पताल बनाए जा रहे हैं। वहीं प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में डॉक्टरों की तैनाती के साथ समस्त प्रकार के स्वास्थ्य उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पशुपालन विभाग के अंतर्गत गौशाला कामधेनु स्थापना नीति को लागू किया गया है। वहीं दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए समितियां की संख्या भी बढ़ाई गई है,किसानों की आय बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड से दुग्ध संघो को अनुबंध किया गया है। मध्य प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में लगातार विकास और उन्नति के कार्य में निरंतर अग्रसर है। फिर चाहे वह नगरीय विकास हो या जल संसाधन, ऊर्जा विभाग, वन विभाग, आयुष विभाग, खेल एवं युवक कल्याण विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास सभी क्षेत्रों में मध्य प्रदेश सरकार सबका साथ,सबका विकास और सबके विश्वास को लेकर निरंतर अग्रसर है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



