समाज जागरण
गोड्डा
मेहरमा प्रखंड अंतर्गत बाजितपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर प्रस्तुत राष्ट्रीय गीत और ध्वजारोहण के पश्चात बच्चियों द्वारा देशभक्ति सहित कई प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुति ने लोगों को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया। इस विद्यालय की खास बात यह रही कि विद्यालय में संगीत एवं नृत्य के शिक्षक का पद रिक्त है। बावजूद इसके विद्यालय की वार्डन अनिता कुमारी ने हीं उन्हें कोरियोग्राफी का प्रशिक्षण दिया। बच्चियों ने जहां क्लासिकल म्यूजिक पर भाव नृत्य पेश किया, वहीं देशभक्ति के गीतों पर उनका जोश भरा अभिनय लोगों में रोमांच भर गया। कुछ अभिनय के माध्यम से उन्होंने योग को जीवन का अभिन्न अंग बताया।
वहीं कॉमेडी वाले भाव प्रस्तुत कर लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। विद्यालय की छात्रा मुनिया, प्रमिला, चमिता, प्रीति, रंजू एवं अंजुला ने अपनी मधुर आवाज में संथाली गीत आबु दिशोम का गायन किया। जबकि निशु एवं सुष्मिता ने देशभक्ति गीत देश मेरे…। एवं संगम पूजा तथा प्रिया ने लहरा दो तिरंगा….। पर रोमांच भर देने वाली भावपूर्ण प्रस्तुति दी। दसवीं की छात्रा कुलसुम, सोनी, रिया एवं उसके साथी ने जलियांवाला बाग हत्याकांड की लोमहर्षक प्रस्तुति से लोगों की आंखें नम कर दीं। देश भक्ति के गीत जिस देश में गंगा बहती है पर दसवीं की छात्रा नेहा कुमारी जबकि नागपुरी गीत जिया डोले ला…। पर नवमी की करीना खलको एवं उसकी टीम ने शानदार प्रस्तुति दी।
नवमी की छात्रा कोमल एवं उसकी टीम ने योग पिरामिड बनाकर लोगों को रोमांचित किया। जबकि लक्ष्मी, रतंजना, प्रिया, पूजा एवं संगम कुमारी ने बाबूराव हास्य नाटक से लोगों को हंसा हंसा कर लोटपोट कर दिया। वहीं निशू, सुष्मिता, सोनी, ज्योति एवं संध्या ने फनी नाटक से लोगों को मुस्कुराने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीडीओ अभिनव कुमार ने बच्चियों के उम्दा प्रदर्शन पर उनकी हौसला आफजाई की। इस अवसर पर बीडीओ अभिनव कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विवेक कुमार सिन्हा, वार्डन अनिता कुमारी, जिला परिषद सदस्या ज्योति कुमारी, उप प्रमुख ब्रह्मदेव स्वर्णकार,प्रमोद ओझा, पत्रकार प्रेम शंकर मिश्रा, स्नेह लता कुमारी, शंभू कुमार पंडित, संजय कुमार पोद्दार, रंजीत मिश्रा, तूफैल अंसारी, रिंकू सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और अभिभावक उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



