google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

एक करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 516.81 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.03 करोड़ रुपये आंकी गई है।


पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि 3 जुलाई की रात पौआखाली थाना क्षेत्र के एलआरपी चौक के पास हेरोइन की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद एएनटीएफ एवं स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान एक व्यक्ति टेम्पो से उतरकर काले रंग का बैग दूसरे व्यक्ति को सौंप रहा था। संदेह के आधार पर दोनों को रोककर दंडाधिकारी की उपस्थिति में तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान मालदा (पश्चिम बंगाल) निवासी अनिल साहा (55) एवं किशनगंज जिले के सुखानी थाना क्षेत्र निवासी अकबर अली (29) के पास से विभिन्न पैकेटों में कुल 516.81 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के पास से तीन मोबाइल फोन और 9,672 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।


पूछताछ में अनिल साहा ने स्वीकार किया कि वह मालदा से हेरोइन लेकर अकबर अली को देने किशनगंज आया था। पुलिस के अनुसार दोनों लंबे समय से अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों, तस्करी नेटवर्क तथा अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है।


इस मामले में पौआखाली थाना कांड संख्या 110/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी), 21(बी) एवं 29 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)