कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।
स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत नगर पालिका परिषद लखीमपुर एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में शहर के विलोबी मैदान में आयोजित लखीमपुर खेल महोत्सव सीजन–2 के पांचवें दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया।
बालक वर्ग वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अगले चरण में कुल सात टीमों ने प्रतिभाग किया। पहला मुकाबला नौरंगाबाद टीम एवं मनी क्लब भीरा के बीच खेला गया, जिसमें मनी क्लब भीरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की।
पुलिस लाइन मैदान में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 13 टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। फुटबॉल का पहला मैच कालानागराज फुटबॉल क्लब एवं राइजिंग स्टार लखीमपुर के मध्य खेला गया, जिसमें कालानागराज फुटबॉल क्लब ने 2–0 से जीत दर्ज की।
क्रिकेट प्रतियोगिता में पहला मुकाबला अल्फा 11 एवं बीएसए सनराइजर्स के बीच खेला गया। कड़े मुकाबले में बीएसए सनराइजर्स ने 16 रन से जीत दर्ज की। इस मैच में पंकज को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज व सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक, विष्णु को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा धर्मेश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा क्रिकेट मुकाबला द बॉयज एवं पुलिस टीम के बीच खेला गया, जिसमें पुलिस टीम ने 6 विकेट से जीत हासिल की। इस मैच में राज को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सत्यदेव को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, कप्तान को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक तथा कुलदीप को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में कुल 22 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष कपिल श्रीवास्तव, अर्जित अग्रवाल, खेल महोत्सव के संयोजक आशीष सिंह चौहान, कनिष्क बरनवाल, इंजीनियर दुर्गेश वर्मा, जितेंद्र अवस्थी, जेई समरा सईद, शैली गुप्ता (टी.एस.), सभासदगण, समस्त खेल प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



