बड़वारा में नाबालिग से दुष्कर्म मामले पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, रेत कंपनी के कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन की मांग

​कटनी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में एक अविवाहित नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने और उसके साथ हुए कथित दुष्कर्म के मामले ने स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश भर दिया है। इस घटना के विरोध में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसीलदार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मौजूदा भाजपा सरकार, जिला प्रशासन, और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

​ज्ञापन देने आए राघवेंद्र सिंह और अवध यादव ने घटना की घोर निंदा की। उन्होंने इस बात पर नाराजगी व्यक्त की कि बड़वारा पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में अब तक मात्र एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका मानना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने पर रेत कंपनी के अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।

​ग्रामीणों ने ज्ञापन में क्षेत्र में संचालित धनलक्ष्मी रेत कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राघवेंद्र सिंह और अवध यादव ने बताया कि यह रेत कंपनी कथित तौर पर क्षेत्र में डर और भय का माहौल बनाकर अवैध रूप से रेत का खनन कर रही है। उनके अनुसार, क्षेत्र में आए दिन ग्रामीणों के साथ मारपीट करना और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराना आम बात हो गई है। हाल ही में कंपनी के कर्मचारियों द्वारा एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी हरकत को अंजाम दिया जाना, पूरे क्षेत्र के लिए शर्म की बात है। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, और मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी संलिप्त कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जाए। क्षेत्र में संचालित सभी निजी/प्राइवेट कंपनियों, विशेष रूप से रेत कंपनी, में कार्यरत दूसरे जिलों के कर्मचारियों का तत्काल पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाए, ताकि आपराधिक प्रवृत्ति के लोग क्षेत्र में आकर ऐसी घटनाओं को अंजाम न दे सकें। ​ग्रामीणों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी माँगें एक सप्ताह के भीतर पूरी नहीं की जाती हैं, तो उन्हें जिला प्रशासन के कड़े विरोध का सामना करना पड़ेगा। सड़कों पर उतरकर क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ मिलकर धरना एवं आंदोलन विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।
इस संबंध में तहसीलदार ऋषि गौतम ने बताया कि ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा है, जिसमें रेत कंपनी एवं अन्य कंपनियों के कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन की मांग के साथ-साथ अन्य माँगे रखी गई हैं। इस ज्ञापन को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान अवध सिंह यादव,राहुल चौधरी, विजय चौधरी, संदीप केवट,संदीप यादव,निखिल यादव,शिवम,मुबारक,शेख,राहुल,अजय,रामकिशोर, पुष्पेंद्र सिंह,अभी विश्कर्मा, संदीप रजक,नीरज आदि उपस्थित रहे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)