पंकज कुमार पाठक ,दैनिक समाज जागरण
पदमा -क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए सरैया पंचायत के वार्ड संख्या 8 के वार्ड सदस्य चंदन कुमार केशरी ने रविवार को सराहनीय पहल करते हुए अपने निजी खर्च से जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया। इस अवसर पर कुल दस गरीब, असहाय एवं बेसहारा लोगों को कंबल प्रदान कर ठंड से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
बताया जाता है कि बीते एक सप्ताह से इलाके में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। कड़ाके की ठंड का सबसे ज्यादा असर गरीब और असहाय वर्ग पर पड़ रहा है, जिनके पास ठंड से बचाव के पर्याप्त साधन नहीं हैं। ऐसे में वार्ड सदस्य द्वारा किया गया यह मानवीय प्रयास जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ।
कंबल वितरण के दौरान वार्ड सदस्य चंदन कुमार केशरी ने कहा कि समाज के कमजोर वर्ग की मदद करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि उनके छोटे से प्रयास से किसी जरूरतमंद को ठंड से राहत मिलती है, तो इससे बड़ा संतोष और कुछ नहीं हो सकता। समाज के हर सक्षम व्यक्ति को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित स्थानीय लोगों ने वार्ड सदस्य के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में कामेश्वर केशरी, दीपू, लल्लू पासवान, गुरफान सिद्दीकी, इमरान सिद्दीकी, सौरभ केशरी,एज़ाज़ खान, शुभम केशरी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।



