समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दयाचक मोहल्ला में अंधविश्वास से जुड़ी एक रूहानी वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला को ‘डायन’ बताकर करीब 8-10 लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। हमलावरों ने महिला को मृत समझकर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता अंजलि देवी ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठी थीं, तभी उनकी मौसी और मामी सहित 5 महिलाएं और 3 नकाबपोश युवक वहां पहुँचे।
उन्होंने अंजलि पर ‘डायन’ होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने बर्बरतापूर्वक मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गईं। परिजनों ने घायल महिला को तत्काल बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। अंजलि देवी के अनुसार, उनके रिश्तेदारों ने पहले भी दो बार उनके साथ मारपीट की थी और उन पर बच्चों को नुकसान पहुँचाने का झूठा आरोप लगाते रहे हैं।
पीड़िता के पति दीपक कुमार ने बताया कि इस घटना से पूरा परिवार भयभीत है। घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें मारपीट की तस्वीरें कैद हैं। बाढ़ थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सब इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना समाज में पैठ जमाए अंधविश्वास की कुप्रथाओं की भयावहता को दर्शाती है, जो आज के युग में भी गंभीर चिंता का विषय है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



