महिला हेल्पलाइन नंबर व सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।
पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में महिला परामर्शदाताओं एवं महिला आरक्षियों द्वारा सुलह-समझौते का अभियान चलाकर टूटते परिवारों को पुनः दांपत्य जीवन से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है।
जनपद मुख्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर कय्यूम ज़रवानी, क्षमा टंडन, कुसुम गुप्ता तथा महिला आरक्षी निकिता राठौर एवं मेहा सिंह द्वारा दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साझा गृहस्थी में निवास से जुड़ी समस्याओं सहित विभिन्न पारिवारिक विवादों पर बैठकों के माध्यम से परामर्श दिया जाता है।
इसी क्रम में कुल 22 प्रार्थना पत्रों पर काउंसलिंग की गई, जिनमें से 11 मामलों में पति-पत्नी साथ रहने के लिए सहमत हो गए। वहीं 05 मामलों में अत्यधिक मनमुटाव होने के कारण दोनों पक्षों को सोच-विचार हेतु समय दिया गया है। जबकि 06 प्रकरण माननीय न्यायालय में लंबित होने के चलते उनमें सुलह संभव नहीं हो सकी।
इस अवसर पर मिशन शक्ति के अंतर्गत उपस्थित महिलाओं एवं उनके साथ आए परिजनों को महिला हेल्पलाइन नंबरों तथा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र की यह पहल न केवल पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि समाज में पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का भी कार्य कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



