समाज जागरण रंजीत तिवारी
रामेश्वर वाराणसी।।
सेवापुरी विकास खंड के सभागार में गर्भवती और धात्री माताओं के लिए नई पहल की शुरुआत की गई है। ई-साथी चैटबॉट के माध्यम से अब महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी व्हाट्सएप पर मिलेगी।इस पायलट प्रोजेक्ट का प्रशिक्षण दो दिनों में पूरा किया गया। पहले दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम को और दूसरे दिन बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की टीम को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सीएचओ और सुपरवाइजर शामिल थे।
कार्यक्रम में राजेश कुमार सिंह खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी सेवापुरी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें पॉपुलेशन काउंसिल से डॉ. सौम्या रमेश और अशीता मुंजाल, यूनिसेफ, गावी और पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि शामिल थे।
ई-साथी चैटबॉट का उपयोग करने के लिए महिलाओं को क्यूआर कोड स्कैन कर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण में महिला का नाम और व्हाट्सएप नंबर दर्ज करना अनिवार्य है। इस सेवा के माध्यम से महिलाओं को गर्भावस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
चैटबॉट के जरिए महिलाएं जांच, खानपान, टीकाकरण, परिवार नियोजन और प्रसव संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगी। वे सीधे अपने सवाल पूछ सकती हैं और तुरंत जवाब पा सकती हैं। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है। इससे मां और बच्चे के स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



