google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मिशन शक्ति अभियान फेज–5.0 के तहत पुलिसकर्मियों की लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न

ब्यूरो समाज जागरण

सोनभद्र। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्मिलित मिशन शक्ति अभियान फेज–5.0 के प्रभावी एवं गुणात्मक क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद सोनभद्र में आज दिनांक 19.12.2025 को पुलिसकर्मियों की एक लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा का उद्देश्य महिला अपराधों की रोकथाम, पीड़िताओं को त्वरित सहायता तथा मिशन शक्ति केंद्रों के सुचारु संचालन हेतु पुलिसकर्मियों की जानकारी, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व का आकलन करना था।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशानुसार यह परीक्षा पुलिस लाइन चुर्क स्थित परेड ग्राउंड में प्रातः 09:00 बजे से 10:00 बजे तक सकुशल संपन्न कराई गई। परीक्षा में जनपद सोनभद्र के समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, प्रत्येक थाना क्षेत्र में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों पर नियुक्त उप निरीक्षक, आरक्षी एवं महिला आरक्षी द्वारा प्रतिभाग किया गया।

परीक्षा प्रश्नपत्र में मिशन शक्ति अभियान फेज–5.0, महिला अपराधों से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP), पीड़िता केंद्रित पुलिसिंग, शिकायत प्राप्ति की प्रक्रिया, संवैधानिक एवं विधिक प्रावधानों सहित कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न सम्मिलित किए गए थे। परीक्षा का आयोजन पूर्ण अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ किया गया।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा बताया गया कि इस प्रकार की परीक्षाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को महिला अपराधों के प्रति अधिक संवेदनशील, जागरूक एवं उत्तरदायी बनाना है, ताकि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके तथा पीड़िताओं को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जनपद सोनभद्र पुलिस मिशन शक्ति अभियान को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से पुलिसिंग की गुणवत्ता को निरंतर सुदृढ़ किया जाता रहेगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)